आप पढ़ रहे हैं राम पर कविता

राम पर कविता

Ram Par Kavita

शबरी    के   जूठे   बेरों   से
जो तनिक नहीं भी बैर किया
सब  ऊंच – नीच  के भेदों से 
जो  ना  अपना ना गैर किया

उस  पुरषोत्तम  श्री  रामचन्द्र
को  आज  कहां  से लाऊं मैं
अब  लखन जानकी संग राम
को  देख  कहीं  ना  पाऊं  मैं। 

उस पुरषोत्तम श्री रामचन्द्र
को आज कहां से लाऊं मैं। 

नदियों  में  नाव  चलाकर जो
भरता  था  अपना  पेट  भला
हां  मित्र  बना कर उसको भी 
भाई   के  जैसा  समझ  चला 

सबको   गले    लगाने    वाले
ना   आज  राम  को  पाऊं  मैं,
राजनीति   के   राम   राम  में
वो   राम   कहां  से  लाऊं  मैं। 

उस पुरषोत्तम श्री रामचन्द्र
को आज कहां से लाऊं मैं। 

राज  भोग का मोह त्याग जो
वन  जाना स्वीकार किया था
पितृ-वचन को शीर्ष चढ़ा कर
सत्ता  सुख इनकार किया था 

राम  नाम  पर  लूट  मचा  है
यदि  मंदिर  संसद  जाऊं  मैं,
रामराज  की   परिभाषा  को
अब  आज  कहीं ना पाऊं मैं। 

उस पुरषोत्तम श्री रामचन्द्र
को आज कहां से लाऊं मैं। 

जय  सिया  राम का अभिवादन
जय   श्री  राम  में  बदल   गया
करुण  विनम्र  स्वभाव  राम का 
अब  उग्र  भाव  में  सदल  गया

आह   वेदना   करुण  रुदन  में 
अब  किसको  राम  बुलाऊं  मैं,
राम नाम पर ज्वलित अग्नि को
अब   कैसे   शान्त   कराऊं  मैं। 

उस पुरषोत्तम श्री रामचन्द्र
को आज कहां से लाऊं मैं। 

मरा  मरा  कहने   वाला  भी
नर  क्रूर, संत  बन  जाता था 
भारी  पत्थर   भी  राम  नाम
से, तैर  नीर  पर  जाता   था

आज  संत भी क्रूर बना क्यों?
मस्तक  पर  राम  दिखाऊं मैं,
पीड़ित  है  नर  राम  नाम  से
किसको    राम   बुलाऊं   मैं। 

उस पुरषोत्तम श्री रामचन्द्र
को आज कहां से लाऊं मैं। 

ढाल  बना  कर रामचन्द्र को
हर   कोई   रोटी   सेंक  रहा
जाति  धर्म  का ओढ़े चादर
है   मानवता   को  रेत  रहा 

राक्षस  जैसे  इन  दैत्यों को 
कैसे    इंसान    बनाऊं   मैं,
इंसान कहूं कि कहूं भेड़िया
इनको  समझ  ना  पाऊं मैं। 

उस पुरषोत्तम श्री रामचन्द्र
को आज कहां से लाऊं मैं। 

आज   बना  है  संसद  अड्डा
राजनीति  के  हथियारों  का
ब्यभिचारों  का  हत्यारों  का 
उकसाने  में   ललकारों  का

शान्ति भाव का राम नाम है
कैसे   इनको   समझाऊं  मैं,
राम  नाम  ही जगत सत्य है
कैसे   इनको   बतलाऊं  मैं। 

उस पुरषोत्तम श्री रामचन्द्र
को आज कहां से लाऊं मैं। 

पढ़िए :- भगवान राम पर कविता | श्री राम कहलाते


रचनाकार का परिचय

रामबृक्ष कुमार

यह कविता हमें भेजी है रामबृक्ष कुमार जी ने अम्बेडकर नगर से।

राम पर कविता ” ( Ram Par Kavita ) आपको कैसी लगी ? “ राम पर कविता ” ( Ram Par Kavita ) के बारे में कृपया अपने विचार कमेंट बॉक्स में जरूर लिखें। जिससे लेखक का हौसला और सम्मान बढ़ाया जा सके और हमें उनकी और रचनाएँ पढ़ने का मौका मिले।

यदि आप भी रखते हैं लिखने का हुनर और चाहते हैं कि आपकी रचनाएँ हमारे ब्लॉग के जरिये लोगों तक पहुंचे तो लिख भेजिए अपनी रचनाएँ hindipyala@gmail.com पर या फिर हमारे व्हाट्सएप्प नंबर 9115672434 पर।

हम करेंगे आपकी प्रतिभाओं का सम्मान और देंगे आपको एक नया मंच।

धन्यवाद।

Leave a Reply